Anureet Times Network
Anureet Times News
BREAKING
Welcome to Anureet Times - Your trusted source for professional news and digital TV streaming. Stay tuned for live updates.

वर्दी में गाने गाते हुए वीडियो वायरल, महिला सिपाही समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित


वर्दी में गाने गाते हुए वीडियो वायरल, महिला सिपाही समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित
अनुरीत टाइम्स न्यूज, हरदोई

हरदोई के शाहाबाद कोतवाली की महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला कांस्टेबल वसुधा मिश्रा के कुछ वायरल हुए वीडियो ने विभाग में हड़कंप मचा दिया है। वीडियो में महिला सिपाही पुलिस गाड़ी, सड़क पर पुरुष सिपाहियों के साथ और हेल्प डेस्क पर बैठे हुए फिल्मी गानों पर झूमती नजर आ रही हैं।

इन वीडियो में वसुधा मिश्रा ‘हीरो तू मेरा हीरो है’ और राज फिल्म के गानों पर रील बनाती दिखाई दे रही हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। वीडियो सर्दियों के मौसम के हैं, लेकिन हाल ही में वायरल होने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया।

एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर महिला सिपाही वसुधा मिश्रा, साथ ही सिपाही धर्मेश कुमार और योगेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि वीडियो भले ही पुराने हों और हटा दिए गए हों, लेकिन विभागीय जांच जारी है और उचित कार्रवाई की जाएगी।

शाहाबाद थाने में डेढ़ साल से तैनात महिला कांस्टेबल वसुधा मिश्रा की इस हरकत से पुलिस विभाग की अनुशासनहीनता पर सवाल उठे हैं। विभाग का कहना है कि वर्दी की गरिमा बनाए रखना पुलिस कर्मियों की जिम्मेदारी है और ऐसे मामलों को सख्ती से देखा जाएगा।