Anureet Times Network
Anureet Times News
BREAKING
Welcome to Anureet Times - Your trusted source for professional news and digital TV streaming. Stay tuned for live updates.

महिला कोटेदार पर अनियमितताओं के चलते ₹5000 का जुर्माना, ससुर चला रहा था राशन वितरण का पूरा काम

 महिला कोटेदार पर अनियमितताओं के चलते ₹5000 का जुर्माना, ससुर चला रहा था राशन वितरण का पूरा काम


अनुरीत टाइम्स, हरदोई


हरदोई: मल्लावां विकासखंड की ग्राम पंचायत गंज जलालाबाद की कोटेदार रेनू यादव एक बार फिर से गंभीर अनियमितताओं के चलते सुर्खियों में आ गई हैं। रेनू यादव, जो कि एक पुलिस सिपाही की पत्नी हैं, स्वयं गांव में निवास न करके अपने पति के साथ अन्यत्र रहती हैं, जबकि राशन दुकान का संचालन उसके ससुर नरेश यादव द्वारा किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि राशन समय से न देना, घटतौली करना, और शिकायत करने पर गाली-गलौज व धमकाने जैसी घटनाएं आम हो चुकी हैं। इससे पहले भी कोटेदार के खिलाफ इसी प्रकार की कई शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन पूर्ति विभाग के संरक्षण के चलते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही थी।

मुखिया ने की शिकायत, कार्रवाई में आई तेजी

गांव के मुखिया अभिषेक दीक्षित ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर कोटेदार रेनू यादव के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि रेनू यादव का उचित दर विक्रेता के पद पर होना ही नियमों के विरुद्ध है, क्योंकि उनके पति पुलिस विभाग में कार्यरत हैं।

जांच के बाद ₹5000 का जुर्माना

मुखिया की शिकायत के बाद जिला पूर्ति अधिकारी ने गंभीरता दिखाते हुए 02 जून 2025 को पूर्ति निरीक्षक से स्थलीय जांच करवाई। जांच में अनियमितताएं प्रमाणित होने पर 06 जून 2025 को कोटेदार को आरोप पत्र भेजकर स्पष्टीकरण मांगा गया। जवाब संतोषजनक न होने पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, बिलग्राम द्वारा 21 जून 2025 को ₹5000 का जुर्माना लगाया गया, जो कोटेदार की जमा प्रतिभूति से काटकर शासन के पक्ष में जब्त कर लिया गया।

इसके साथ ही रेनू यादव को भविष्य में सभी कार्य नियमानुसार करने की सख्त चेतावनी दी गई है।

ग्रामीणों की मांग: लाइसेंस रद्द हो

ग्रामीणों और ग्राम प्रधान की स्पष्ट मांग है कि केवल जुर्माने से काम नहीं चलेगा, कोटेदार रेनू यादव का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए, ताकि ग्रामवासियों को समय पर और उचित मात्रा में राशन मिल सके।