खाद की कालाबाजारी से त्रस्त किसान, भाजपा नेताओं पर लगाए गंभीर आरोप : अनुपम दीक्षितकांग्रेसजनों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर उठाई आवाज
खाद की कालाबाजारी से त्रस्त किसान, भाजपा नेताओं पर लगाए गंभीर आरोप : अनुपम दीक्षित
कांग्रेसजनों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर उठाई आवाज
हरदोई, अनुरीत टाइम्स न्यूज
खरीफ की फसल की बुवाई के समय खाद, पानी और बिजली की भारी किल्लत से जूझ रहे किसानों के समर्थन में अब कांग्रेस पार्टी खुलकर मैदान में आ गई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के माननीय प्रभारी श्री अविनाश पांडे व प्रदेश अध्यक्ष श्री अजय राय के आवाहन पर शहर कांग्रेस कमेटी हरदोई ने एक विशाल शिष्टमंडल के माध्यम से जिला अधिकारी हरदोई को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि सरकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार के चलते किसान भारी संकट में है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में खाद की भारी किल्लत है और यूरिया की कालाबाजारी खुलेआम हो रही है। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि इस कालाबाजारी में अधिकांश भाजपा के पदाधिकारी और सत्ता से जुड़े लोग संलिप्त हैं। सरकारी गोदामों से खाद गायब हो रही है और वही खाद निजी दुकानों पर ऊंचे दामों पर बेची जा रही है। ऐसे में किसान दर-दर भटकने को मजबूर है।
अनुपम दीक्षित ने कहा, "सरकार किसानों को सब्ज़बाग दिखाकर सत्ता में आई थी, लेकिन आज वही किसान सबसे ज्यादा उपेक्षित है। सरकार के संरक्षण में हो रही कालाबाजारी के चलते ईमानदार किसानों को अपमान और कर्ज झेलना पड़ रहा है। भाजपा राज में किसान आत्मनिर्भर नहीं, बल्कि मजबूर और छला गया नागरिक बन चुका है।"
प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी सदस्य अमलेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि अगर सरकार ने शीघ्र ही स्थिति नहीं सुधारी तो कांग्रेस आंदोलन और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि खाद की बिक्री केवल सरकारी दरों पर ही सुनिश्चित होनी चाहिए और जिस किसी भी समिति या निजी दुकान पर कालाबाजारी के प्रमाण मिलते हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए।
शहर कांग्रेस महासचिव अभय कुशवाहा ने किसानों की आय को दोगुना करने के वादे की याद दिलाते हुए कहा कि बैंकों को निर्देश दिया जाए कि किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और रिश्वत मुक्त हो। साथ ही किसानों को दिन में न्यूनतम 10 घंटे समुचित बिजली आपूर्ति की जानी चाहिए ताकि खेतों की सिंचाई समय से हो सके।
कार्यक्रम में शामिल वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों की समस्याओं की अनदेखी की तो कांग्रेस पार्टी जन आंदोलन छेड़ने से पीछे नहीं हटेगी। कार्यक्रम के अंत में एक स्वर में यह मांग उठी कि राज्य सरकार को किसानों के मुद्दों को गंभीरता से लेना चाहिए वरना इसका जवाब आने वाले चुनावों में मिलेगा।
इस जनहित अभियान में शामिल प्रमुख नेताओं में पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष भुट्टो मिया, वरिष्ठ नेता मोहन सिंह, पिछड़ा वर्ग विभाग जिला अध्यक्ष रियाज अहमद, ओबीसी विभाग शहर अध्यक्ष छोटे लाल कश्यप, संदीप सिंह, ललित सिंह, शहर उपाध्यक्ष वृन्दावन बिहारी, सर्वेश कुशवाहा, इस्लाम गाजी, विनोद यादव, ब्लॉक अध्यक्ष सुरसा राजकुमार सिंह, उमा राजवंशी, श्रद्धा अग्निहोत्री, लक्ष्मी कांत पांडे,। कोषाध्यक्ष महताब अहमद, महिला जिला अध्यक्ष सुनीता देवी, NSUI जिला अध्यक्ष हसन अहमद, मोरध्वज वर्मा, ज्ञानू पाल, रामबहोरन मिश्रा, संजय दीक्षित, सनोबर खान और आरती शुक्ला सहित दर्जनों पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।