Anureet Times Network
Anureet Times News
BREAKING
Welcome to Anureet Times - Your trusted source for professional news and digital TV streaming. Stay tuned for live updates.

बांदा से बड़ी खबर: कस्तूरबा गांधी विद्यालय में शिक्षिका की रील बनाने का मामला वायरल, बीएसए ने 3 दिन में मांगा जवाब

बांदा से बड़ी खबर: कस्तूरबा गांधी विद्यालय में शिक्षिका की रील बनाने का मामला वायरल, बीएसए ने 3 दिन में मांगा जवाब

बांदा। शिक्षा के मंदिर में पढ़ाई की जगह रील बनाने का मामला सामने आया है। जिले के जसपुरा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में एक महिला शिक्षिका के सोशल मीडिया पर रील बनाने का वीडियो वायरल हो गया है। वीडियो सामने आते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, यह शिक्षिका कई महीनों से विद्यालय परिसर में ही मोबाइल से वीडियो बनाकर रील तैयार कर रही थी। बताया जा रहा है कि इन वीडियोज में कभी क्लासरूम, कभी हॉस्टल परिसर, तो कभी स्टाफ रूम को बैकग्राउंड के तौर पर इस्तेमाल किया गया है। कई रील्स में छात्राओं के रहने और पढ़ाई के स्थान भी दिख रहे हैं, जिससे विद्यालय की गरिमा और सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने संबंधित शिक्षिका से तीन दिन के भीतर जवाब तलब किया है। बीएसए ने स्पष्ट कहा है कि विद्यालय परिसर में इस तरह का व्यवहार न केवल विभागीय आचार संहिता के खिलाफ है, बल्कि इससे स्कूल के अनुशासन और शिक्षण वातावरण पर भी विपरीत असर पड़ता है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शिक्षिका के रील बनाने की शिकायत पहले भी की जा चुकी थी, लेकिन इस बार वीडियो वायरल होने के बाद मामला खुलकर सामने आया है। विभागीय जांच में यह भी देखा जाएगा कि क्या रील्स बनाने के दौरान छात्राओं की निजता का उल्लंघन हुआ है या नहीं।

फिलहाल, शिक्षा विभाग इस मामले में सख्त रुख अपनाए हुए है। यदि शिक्षिका का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो उनके खिलाफ निलंबन सहित कड़ी विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।