Anureet Times Network
Anureet Times News
BREAKING
Welcome to Anureet Times - Your trusted source for professional news and digital TV streaming. Stay tuned for live updates.

स्वतंत्रता दिवस पर शहीद स्मारक स्थल सेमरिया में ध्वजारोहण, पुष्पांजलि और शहीद स्मृति साइकिल रेस का आयोजन

स्वतंत्रता दिवस पर शहीद स्मारक स्थल सेमरिया में ध्वजारोहण, पुष्पांजलि और शहीद स्मृति साइकिल रेस का आयोजन

हरदोई।
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जनपद के शहीद स्मारक स्थल सेमरिया पर पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन तथा शहीद स्मारक समिति के अध्यक्ष अभय शंकर गौड़ ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके उपरांत दोनों अतिथियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया और उनके अद्वितीय बलिदान को स्मरण करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर आयोजित 12वीं शहीद स्मृति साइकिल रेस-2025 का भी समापन किया गया। यह रेस 51 किलोमीटर लंबी दूरी पर आयोजित की गई, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए कुल 19 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। रेस पूरी करने वाले सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने कहा कि "नई पीढ़ी को आज़ादी के महत्व और शहीदों के त्याग से अवगत कराना हम सबकी जिम्मेदारी है। इस तरह के आयोजन युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करते हैं।" उन्होंने शहीद स्मारक समिति के अध्यक्ष अभय शंकर गौड़ की सराहना करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से ही यह परंपरा निरंतर जीवित है और समाज को प्रेरणा देती है।

शहीद स्मारक समिति के अध्यक्ष अभय शंकर गौड़ ने कहा कि "यह साइकिल रेस प्रति वर्ष 15 अगस्त को इसलिए आयोजित की जाती है ताकि नई पीढ़ी आजादी के मूल्यों को समझ सके और शहीदों के बलिदान से प्रेरणा प्राप्त कर सके।"

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, समाजसेवी, युवजन और पुलिस प्रशासन के अधिकारीगण उपस्थित रहे। पूरा वातावरण राष्ट्रगान, देशभक्ति गीतों और "भारत माता की जय" के नारों से गूंज उठा।