Anureet Times Network
Anureet Times News
BREAKING
Welcome to Anureet Times - Your trusted source for professional news and digital TV streaming. Stay tuned for live updates.

सिर व सीने पर चोट के निशान के साथ मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिसहत्या या हादसा? गढ़ीहार के पास घरेहरा गांव में सनसनीखेज घटना

सिर व सीने पर चोट के निशान के साथ मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
हत्या या हादसा? गढ़ीहार के पास घरेहरा गांव में सनसनीखेज घटना

बेनीगंज (हरदोई)।
कोतवाली क्षेत्र के हास बरौली अंतर्गत घरेहरा गांव के पास शनिवार भोर एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों ने जब खेत के पास शव देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी ओम प्रकाश सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और शव की पहचान वीरेंद्र पुत्र मुन्ना लाल, निवासी भगवंतपुर थाना बेनीगंज के रूप में की। मृतक के सिर और सीने पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।

थोड़ी ही देर में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, और सीओ हरियावां अजीत कुमार सिंह भी फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। पुलिस ने पूरे क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया।
मौके से पुलिस को चप्पल, गमछा, चिलम और कुछ कागजात बरामद हुए हैं, जिन्हें जांच के लिए सील किया गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि वीरेंद्र मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह कुछ माह पहले जेल से छूटकर घर लौटा था। बताया गया है कि उसके पिता मुन्ना लाल भी इस समय हत्या के एक मामले में जेल में बंद हैं। ग्रामीणों के अनुसार, वीरेंद्र नशे का आदी था और अक्सर गांव-गांव घूमता रहता था।

एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सीओ हरियावां अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई है, जो घटना के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।

पुलिस ने कहा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

— अनुरीत टाइम्स न्यूज़, बेनीगंज (हरदोई)