Anureet Times Network
Anureet Times News
BREAKING
Welcome to Anureet Times - Your trusted source for professional news and digital TV streaming. Stay tuned for live updates.

सरकारी पिस्टल लूटकांड में चार आरोपी गिरफ्तार, बोलेरो समेत असलहे–कारतूस बरामद

सरकारी पिस्टल लूटकांड में चार आरोपी गिरफ्तार, बोलेरो समेत असलहे–कारतूस बरामद

सुल्तानपुर
हलियापुर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमले और सरकारी पिस्टल लूटकांड मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस ने चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से लूटी गई सरकारी पिस्टल मय मैगजीन, 10 कारतूस, दो मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त गड़ासी, एक डंडा, तथा बोलेरो वाहन बरामद किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम सिंह, अखिलेश सिंह उर्फ अखिल, प्रमिला सिंह, और शिवानी सिंह के रूप में हुई है। सभी आरोपी ग्राम डोभियारा, थाना हलियापुर के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी को आवश्यक कार्रवाई के बाद अदालत में पेश किया।

कब और कैसे हुई थी पिस्टल लूट?

घटना उस समय हुई थी जब थाना कुमारगंज (अयोध्या) की पुलिस टीम वांछित आरोपी आदर्श सिंह को पकड़ने के लिए डोभियारा गांव में दबिश दे रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने अचानक पुलिस टीम पर हमला कर दिया।

हमले में पुलिसकर्मियों को चोटें आईं और मौके का फायदा उठाकर आरोपियों ने दारोगा आकिल हुसैन की सरकारी पिस्टल, सरकारी मोबाइल और निजी मोबाइल छीन लिए। इसके बाद आदर्श सिंह को लेकर आरोपी वहां से फरार हो गए थे।

मुख्य आरोपी अब भी फरार

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी आदर्श सिंह अब भी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिशें लगातार जारी हैं।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष तरुण कुमार पटेल, उपनिरीक्षक कैलाश सिंह यादव, रामधनी वर्मा, भगौती प्रसाद, हेड कांस्टेबल बृजेन्द्र पाल सिंह, कांस्टेबल शीलू राठौर, दीपक साह, तथा महिला कांस्टेबल संध्या शाक्य शामिल रहे।

✒ अनुरीत टाइम्स संवाददाता — सुल्तानपुर