ANUREET TIMES MEDIA NETWORK
JOIN US
AT

ANUREET TIMES

सत्य की आवाज़, जनता के साथ

BREAKING
Anureet Times Network: सच की आवाज़, जनता के साथ | रिपोर्टर रजिस्ट्रेशन शुरू | ताजा खबरों के लिए बने रहें | आधिकारिक प्रेस आईडी कार्ड प्राप्त करें |

छात्रा से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, पिता-पुत्र पर बांके से हमला, तीन घायल

Posted by Anureet Times |
छात्रा से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, पिता-पुत्र पर बांके से हमला, तीन घायल

अनुरीत टाइम्स न्यूज – हरदोई

हरदोई के संडीला कस्बे में छात्रा से छेड़छाड़ का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। दबंग शोहदों ने घर के बाहर पहुंचकर ऐसा तांडव मचाया कि पूरे मोहल्ले में चीख-पुकार और दहशत फैल गई। आरोप है कि बांके से किए गए जानलेवा हमले में पिता-पुत्र समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी खुलेआम धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित परिवार के मुताबिक दूसरे मोहल्ले के रहने वाले कुछ युवक काफी समय से इलाके में घूमकर लड़कियों से छेड़छाड़ करते थे। परिवार का आरोप है कि उनकी 13 वर्षीय बेटी, जो कक्षा 9 की छात्रा है, स्कूल आते-जाते समय आरोपी उसका पीछा करते थे। इतना ही नहीं, युवक कई बाइकों से घर के बाहर आकर बैठते, सिगरेट पीते और अभद्र हरकतें करते थे। करीब 15 दिन पहले मोहल्ले वालों ने विरोध कर युवकों को वहां से भगा दिया था, जिसके बाद से आरोपी रंजिश मानने लगे और परिवार को लगातार धमकियां दे रहे थे।

मंगलवार शाम मामला उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब छात्रा का 18 वर्षीय भाई दुकान से सामान लेकर घर लौट रहा था। आरोप है कि घर के बाहर बैठे युवकों का विरोध करते ही दबंग भड़क गए और बांके से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बेटे को बचाने दौड़े पिता और बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसी युवक को भी हमलावरों ने नहीं छोड़ा। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दो घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि पिता का प्राथमिक उपचार कराया गया।

घटना के बाद मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। लोगों ने साहस दिखाते हुए हमलावरों से बांका छीन लिया और पुलिस को सौंप दिया। वारदात के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने हथियार कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन घटना के बाद से सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

यह घटना एक बार फिर बेटियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Facebook: https://www.facebook.com/anureettimes
Twitter/X: https://x.com/anureettimes
Instagram: https://www.instagram.com/anureettimes
Website: https://www.anureettimes.in

(अनुरीत टाइम्स न्यूज के लिए विशेष संवाददाता रिपोर्ट)